मध्य प्रदेश के Panna जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा योजना के तहत चल रही सरकारी कूप निर्माण कार्य के दौरान कुएं की मिट्टी अचानक धंस गई, जिससे अंदर काम कर रहे पांच मजदूर मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले 10 दिनों से कुएं की खुदाई का कार्य चल रहा था। हादसे के समय सात मजदूर कुएं के भीतर काम कर रहे थे। तभी दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए और उसी दौरान कुएं की कमजोर मिट्टी भरभराकर गिर गई। अंदर मौजूद पांच मजदूर मलबे के नीचे दब गए।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, सभी मजदूरों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि मिट्टी बेहद भुरभुरी और कमजोर थी, बावजूद इसके सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना गहरी खुदाई कराई जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर Usha Parmar और एसपी Nivedita Naidu मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस और राजस्व विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।


