पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्य के जिला अस्पतालों को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कहा है कि सदर अस्पतालों में सभी छोटे और माइनर ऑपरेशन किए जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के अस्पतालों को इस स्तर तक सक्षम बनाया जाएगा कि मरीजों को सामान्य ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों या मेडिकल कॉलेजों का रुख न करना पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिलों में पदस्थ डॉक्टर योग्य और अनुभवी हैं तथा वे माइनर सर्जरी और सामान्य ऑपरेशन आसानी से कर सकते हैं। इसके लिए अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।
निशांत कुमार ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को चेतावनी देते हुए व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सिविल सर्जनों को अपने-अपने जिलों में अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर विशेष नजर रखनी होगी।
स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान को जिला अस्पतालों को सशक्त बनाने और आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।


