छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के नादगांय में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम नदीगाई में एक महिला पर उसके ही भतीजे और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सटई थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नादगांय निवासी नन्नी बाई अहिरवार ने आरोप लगाया है कि रविवार रात करीब 10 बजे जमीन विवाद को लेकर उनके भतीजे सहित तीन लोगों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।घायल महिला ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने घर के बाहर बैठी थीं।
इसी दौरान गांव के भूरा अहिरवार, शंकर अहिरवार और उनके भतीजे वहां पहुंचे और विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला के दाहिने कंधे पर गंभीर चोट आई, जबकि स्तन पर भी वार किए जाने से वह बुरी तरह घायल हो गई। हाथ में भी चोटें आई हैं।घटना के बाद महिला खून से लथपथ हालत में सटई थाना पहुंची,
जहां उसने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल सटई थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


