खेत की मिट्टी विवाद में फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश

दतिया। जिले के चिरुला थाना क्षेत्र में खेत की मिट्टी उठाने के विवाद में किसान के साथ मारपीट और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश किया। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।जानकारी के अनुसार 26 जून को ग्राम फुलरा निवासी किसान करण अहिरवार ने चिरुला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खेत की मिट्टी उठाने को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान एक आरोपी ने देशी कट्टे से फायरिंग भी की, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई।जांच के दौरान पुलिस को सफलता मिली और फरार चल रहे आरोपी विशाल यादव तथा दीपक झा को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला।

इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना बताया जा रहा है।इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि खेत की मिट्टी उठाने के विवाद में मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Byte-1 आकांक्षा जैन एसडीओपी दतिया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here