यूट्यूब देखकर छाप रहे थे ₹500 के नकली नोट, कृषि सेवा केंद्र पर पुलिस का छापा; दो गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कृषि सेवा केंद्र की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 57 हजार 500 रुपये के नकली नोट, रंगीन प्रिंटर, कटर और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।

आगर मालवा के नलखेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड स्थित एक कृषि सेवा केंद्र में नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर नरेंद्र सिंह सौंधिया और शुभम सोलंकी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक बैग से ₹500 के 115 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत ₹57,500 है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाना सीखा था। वे असली ₹500 के नोट को स्कैन कर रंगीन प्रिंटर से उसकी कॉपी निकालते और कटर से काटकर उसे असली जैसा आकार देते थे।

जांच में कई नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे पाए गए, जिससे उनके नकली होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने प्रिंटर, कटर, नकली नोट और अन्य सामग्री जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178(3)(5) के तहत मामला दर्ज किया है। अब यह जांच की जा रही है कि अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपाए जा चुके हैं और इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं।

बाइट: नागेश यादव, थाना प्रभारी, नलखेड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here