कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बेटा, बेटी और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कानपुर नेशनल हाईवे पर संचेडी के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार, कानपुर के ककवन थाना क्षेत्र के जूड़ा निवादा गांव निवासी 36 वर्षीय अजय कुमार भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी तैनाती कोलकाता में थी।
अजय छुट्टी पर अपने घर आए थे और परिवार के साथ उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन करने गए थे।दर्शन के बाद गुरुवार को परिवार ट्रेन से उरई रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां अजय का चचेरा भाई संदीप उन्हें कार से लेने आया था। सभी लोग कार से कानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान संचेडी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी, मासूम बेटा, बेटी और चचेरा भाई संदीप का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जवान की मौत की खबर से गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।


