ग्वालियर। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में ग्वालियर कांग्रेस सड़क पर उतर आई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव कर रहे हैं। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे नजर आए। कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए राहुल गांधी की तत्काल रिहाई की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक और पीसीसी सचिव रश्मि पंवार शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक राहुल गांधी को रिहा नहीं किया जाता, तब तक कलेक्ट्रेट का घेराव जारी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।


