रहली। सागर जिले के रहली से विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। रामराजा पैलेस में राठौर समाज द्वारा आयोजित वीर दुर्गादास राठौर जयंती समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का हर एक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री है, उसे किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।गोपाल भार्गव ने राठौर समाज के लोगों से कहा कि समाज का हर व्यक्ति खुद को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम न समझे। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति गोपाल भार्गव के गणनायक स्थित निवास के बाहर लगे बोर्ड पर ‘स्वघोषित मुख्यमंत्री’ लिखा पंपलेट चिपकाता नजर आ रहा है। कार्यक्रम के दौरान मंच से एक युवक ने इसी मामले का जिक्र किया।युवक की बात सुनकर गोपाल भार्गव ने चुटकी लेते हुए तत्काल जवाब दिया और कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री है, किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं। उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी प्रतिक्रिया देखने को मिली।गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और रहली विधानसभा सीट से लंबे समय से विधायक हैं।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर अब उनके बयान की राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर खूब चर्चा हो रही है।


