जबलपुर के गोराबाजार क्षेत्र में शराब दुकान के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं। हाथों में तख्तियां और राष्ट्रीय ध्वज लेकर महिलाओं ने पैदल मार्च निकाला और शराब दुकान में तालाबंदी कर विरोध जताया।
महिलाओं का आरोप है कि सड़क किनारे शराब दुकान होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। शराबी सड़क पर वाहन खड़े कर वहीं शराब पीते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि मंदिर और स्कूल जाने के दौरान भी शराबियों की मौजूदगी से परेशानी होती है। आरोप है कि नशे में कुछ लोग महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील कमेंट भी करते हैं।
लगातार हो रही परेशानियों को लेकर महिलाओं ने मोर्चा खोलते हुए जिला पुलिस और प्रशासन से शराब दुकान हटाने की मांग की है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकान दोबारा खोली गई तो किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


