उज्जैन। शहर के कानीपुरा स्थित लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार देर रात करणी सेना के पद और पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने 15 से 20 हथियारबंद लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। वारदात में करणी सेना से जुड़े राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप और उनके साथी जितेंद्र पवार की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।बताया जा रहा है कि नीमनवासा निवासी राहुल दरबार और शक्ति सिंह के बीच लंबे समय से करणी सेना के पद को लेकर विवाद और रंजिश चल रही थी।
बुधवार रात दोनों पक्ष समझौते के लिए ढाबे पर मिले थे। इसी दौरान फिर विवाद शुरू हो गया और मारपीट हो गई। इसके बाद शक्ति सिंह वहां से चला गया और कुछ देर बाद अपने भाई अर्पित, रमेश महाना, अन्ना, सोनू बंजारा सहित अन्य लोगों के साथ ढाबे पर पहुंचा।आरोप है कि हथियारों से लैस हमलावरों ने पहुंचते ही हमला कर दिया। हमले में राहुल दरबार गंभीर रूप से घायल हुए, जिनकी निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, जितेंद्र पवार का शव ढाबे के पास झाड़ियों में मिला। बीच-बचाव करने पहुंचे श्रवण कुमार राव और पप्पू जाट भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
5 नामजद समेत 15-20 अज्ञात पर केसघटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायलों के बयानों के आधार पर शक्ति सिंह, अर्पित, रमेश महाना, अन्ना और सोनू बंजारा समेत 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और बलवे की धाराओं में मामला दर्ज किया है।पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।


