तंत्र-मंत्र और संतान का झांसा देकर लाखों के गहने उड़ाने वाले दो नटवरलाल गिरफ्तार

पन्ना, अजयगढ़ पुलिस ने तंत्र-मंत्र, जादू-टोने और संतान प्राप्ति का झांसा देकर भोले-भाले ग्रामीणों को ठगने वाले दो शातिर नटवरलालों का पर्दाफाश किया है। हाथ की सफाई और अंधविश्वास का जाल बिछाकर जेवर पार करने वाले इन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

यह मामला सिमराखुर्द गांव का है, जहां पीड़ित शंकर कोंदर को संतान सुख का झांसा देकर ठगों ने उसकी पत्नी के करीब 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ऐंठ लिए। शातिर ठगों ने आभूषणों को पॉलीथिन में बंद कर गड्ढे में दबाने और 35 दिनों तक रोजाना पूजा करने का नाटक रचा। ठगों के जाते ही जब पीड़ित ने गड्ढा खोदा, तो उसमें केवल खाली पॉलीथिन मिली।

शिकायत मिलते ही अजयगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर पिष्टा गांव के पास से दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी इन्साफ अली (38) और इमरित अली (26) उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी के गहने, बाइक, डमरू, प्लास्टिक का सांप, बांसुरी और 103 अंगूठियां समेत लगभग 1.30 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here