राजगढ़। जिले के पचोर थाना क्षेत्र में विदेशी करेंसी को भारतीय रुपयों में बदलकर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने फरियादी अली असगर अली सैफी को अपने जाल में फंसाने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की 100 दिरहम की एक असली करेंसी सैंपल के तौर पर दिखाई थी। भरोसा होने के बाद आरोपियों ने फरियादी से 5 लाख रुपये ऐंठ लिए और मौके से फरार हो गए।शिकायत मिलने के बाद पचोर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के आधार पर पुलिस ने रविदास निवासी कटिहार, बिहार, रोबिन अब्दुल निवासी दिल्ली और फहिमा निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की रकम के बाकी हिस्से और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस को आशंका है कि आरोपी इसी तरह विदेशी करेंसी का असली नोट सैंपल के तौर पर दिखाकर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देते थे और फिर बड़ी रकम लेकर फरार हो जाते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी इस गिरोह के नेटवर्क और पूर्व में की गई ठगी की घटनाओं की जांच कर रही हैं।


