Ind vs NZ: बल्लेबाज फिर नाकाम, टीम इंडिया के फ्लॉप शो से न्यूजीलैंड को हुआ फायदा – virat kohli team india wellington test india vs new zealand batsman poor show 1st test day 3 tspo

  • न्यूजीलैंड से 39 रन पीछे भारत
  • नहीं चले पुजारा और कोहली

टेस्ट बल्लेबाजी लाइनअप के दो मजबूत स्तंभों विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा की लगातार दूसरी पारी में नाकामी से न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत पहले टेस्ट मैच में बैकफुट पर चला गया. भारत ने पहली पारी में 183 रनों से पिछड़ने के बाद तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 144 रन बनाए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 39 रन पीछे है.

मुश्किल में टीम इंडिया

अब दारोमदार अंजिक्य रहाणे (67 गेंदों पर नाबाद 25) और हनुमा विहारी (70 गेंदों पर नाबाद 11) पर टिका है. इससे पहले भारत के 165 रन के जवाब में न्यूजीलैंड ने पुछल्ले बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से अपनी पहली पारी में 348 रन बनाए थे. सुबह अगर न्यूजीलैंड के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को निराश किया तो दूसरे और तीसरे सेशन में ट्रेंट बोल्ट ने भारत को झटके दिये.

नहीं चले पुजारा और कोहली

बोल्ट ने अब तक 27 रन देकर तीन विकेट लिए हैं, जिनमें पुजारा और कोहली के विकेट भी शामिल हैं. पुजारा (81 गेंदों पर 11) को अत्याधिक रक्षात्मक रवैया अपनाने का खामियाजा भुगतना पड़ा. वह बीच में 28 गेंद तक छह रन पर अटके रहे और आखिर में अपनी इसी नकारात्मक बल्लेबाजी के जाल में फंस गए.

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया के लिए सिरदर्द बना यह खिलाड़ी, विकेट के साथ बरसा रहा छक्के

पुजारा ने चाय से पहले आखिरी गेंद पर बल्ला उठा दिया, लेकिन वह गेंद उनका ऑफ स्टंप थर्रा गई. कोहली (43 गेंदों पर 19) ने सकारात्मक शुरुआत की लेकिन बोल्ट की शॉर्ट पिच गेंद पर पुल करने की जल्दबाजी में वह चूक गए और विकेटकीपर वीजे वॉटलिंग को पीछे कैच दे बैठे. इस तरह से कोहली का न्यूजीलैंड के वर्तमान दौरे में खराब फॉर्म जारी रहा. वह इस दौरे में तीनों प्रारूपों की नौ पारियों में केवल 201 रन बना पाए हैं.

मयंक अग्रवाल ने अर्धशतक जमाया

भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (99 गेंदों पर 58) ने अर्धशतक जमाया लेकिन उनके साथी ओपनर पृथ्वी शॉ (30 गेंदों पर 14) की खराब तकनीक फिर से उजागर हुई. उन्होंने बोल्ट की गेंद पर शॉर्ट स्क्वॉयर लेग पर टॉम लाथम को कैच दिया. लाथम ने डाइव लगाकर यह कैच लिया.

अग्रवाल ने सकारात्मक बल्लेबाजी की. अग्रवाल ने टिम साउदी (41 रन देकर एक) की लेग स्टंप से बाहर जाती गेंद पर विकेट के पीछे कैच देने से पहले सात चौके और स्पिनर एजाज पटेल पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का लगाया. कोहली के कहने पर अग्रवाल ने डीआरएस भी लिया था, लेकिन स्निकोमीटर से पता चला कि गेंद उनके बल्ले को स्पर्श करके गई थी.

ये भी पढ़ें- मौके पर मौके गंवा रहे पंत, पहले टेस्ट में सेलेक्शन पर उठे सवाल

न्यूजीलैंड ने रिव्यू गंवाए

न्यूजीलैंड ने पहले पुजारा के खिलाफ और फिर विहारी के खिलाफ अपने रिव्यू गंवाए. रहाणे और विहारी ने अंतिम सेशन में बेहद सतर्कता बरती और विकेट बचाए रखने को प्राथमिकता दी जिसमें वह सफल भी रहे. इन दोनों ने अब तक 19.4 ओवर में 31 रन की साझेदारी की है. इससे पूर्व पहले सेशन में न्यूजीलैंड के पुछल्ले बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को परेशानी में रखा जिससे कीवी टीम 175 रन से अधिक की बढ़त हासिल करने में सफल रही.

ईशांत शर्मा ने किया कमाल

भारत की तरफ से ईशांत शर्मा ने 68 रन देकर पांच विकेट लिए. रविचंद्रन अश्विन (99 रन देकर तीन) ने सुबह के सेशन में दो विकेट लिए लेकिन काइल जेमिसन और बोल्ट सहित पुछल्ले बल्लेबाजों ने उनकी गेंदों की धुनाई भी की. जेमिसन की 45 गेंदों पर 44 रन की पारी में चार छक्के शामिल हैं. उन्होंने कोलिन डि ग्रैंडहोम (74 गेदों पर 43) के साथ आठवें विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की.

बोल्ट ने 24 गेंदों पर 38 रन बनाए. भारत ने दिन की शुरुआत अच्छी की. जसप्रीत बुमराह (88 रन देकर एक विकेट) ने सुबह के सेशन की पहली गेंद पर ही वॉटलिंग (14) को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया. साउदी (छह) ने ईशांत की बाहर जाती गेंद खेलने के प्रयास में मोहम्मद शमी को फाइन लेग पर कैच दिया. इसके बाद ग्रैंडहोम, जेमिसन और बोल्ट ने न्यूजीलैंड की बढ़त को 100 रन से कम स्कोर पर सीमित करने के भारत के प्रयासों पर पानी फेरा. ईशांत ने बोल्ट का विकेट लेकर अपने करियर में 11वीं बार पारी में पांच या इससे विकेट लिए.

आजतक के नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट और सभी खबरें. डाउनलोड करें

  • Aajtak Android App
  • Aajtak Android IOS




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here