सनातन हिन्दू एकता के संकल्प के साथ बागेश्वर धाम से भव्य रथ यात्रा का शुभारंभ

छतरपुर: प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम से एक विशाल और भव्य रथ यात्रा की शुरुआत हुई है। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने विशेष अनुष्ठान और पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन के उपरांत मंच पर पहुंचकर उन्होंने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा का पाठ संपन्न हुआ। संतों के पावन सानिध्य में यह यात्रा पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ी।मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह यात्रा सनातन हिन्दू एकता के संकल्प और जनजागृति के लिए निकाली जा रही है। उन्होंने कहा, “सभी में जागृति आए और सारे सनातनी एक हों, यही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।” इस यात्रा के तहत 5 दिनों में 5 जिलों की 500 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। उन्होंने देश में शांति बनाए रखने और अराजकता से बचने का संदेश देते हुए कहा कि सबको अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन देश की बदनामी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए।यात्रा के दौरान सबसे आगे बालाजी का सुसज्जित रथ चल रहा था और उसके ठीक पीछे दूसरे रथ पर बागेश्वर महाराज विराजमान थे। उनके पीछे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं से भरे वाहन शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साह का माहौल बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here