पन्ना में अपराधियों केौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब सत्ताधारी दल के बड़े पदाधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के निवास के ठीक सामने खड़ी उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी (एमपी 35 जेडसी 1673) को बीती रात अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से आए उपद्रवियों ने वाहन पर भारी-भरकम पत्थरों से ताबड़तोड़ हमले किए। इस क्रूरतापूर्ण तोड़फोड़ में गाड़ी के आगे और पीछे के सभी शीशे चकनाचूर हो गए। हमलावरों की खुन्नस यहीं नहीं रुकी; उन्होंने गाड़ी पर लगी आधिकारिक नेम प्लेट और भाजपा के प्रतीक चिन्ह ‘कमल के फूल’ को भी नोचकर तोड़ डाला।
सुबह जब घटना की जानकारी सामने आई, तो राजनीतिक गलियारों और शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस महकमे में हड़कंप, घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले चेहरों बेनकाब किया जा सके।


