गुना के नारायणा ई-टेक्नो स्कूल में गरबा महोत्सव का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे अभिभावकों और विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा स्कूल परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं संधू ग्रुप के डायरेक्टर महेंद्र सिंह संधू सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी हितिका वासल और विशिष्ट अतिथि महेंद्र सिंह संधू ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गरबा महोत्सव की रंगारंग शुरुआत हुई। मधुर संगीत, पारंपरिक परिधानों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और उमंग से भर दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने और परिवार में संवाद बढ़ाने की अपील की। एसपी ने विशेष रूप से कहा कि माता-पिता बच्चों के साथ घर पर मोबाइल फ्री डिनर करें, ताकि परिवार के बीच बातचीत और आपसी जुड़ाव मजबूत हो सके।गरबा महोत्सव में पारंपरिक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। अभिभावकों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। खास तौर पर युगल गरबा प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कपल्स की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान, सांस्कृतिक मूल्यों, आपसी सहयोग और एकता की भावना को बढ़ावा देना भी रहा। विद्यालय की ओर से अभिभावकों को भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल किया गया, जिससे स्कूल और परिवार के बीच जुड़ाव का संदेश सामने आया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एसपी हितिका वासल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि महेंद्र सिंह संधू के साथ अतुल अग्रवाल, मनीष छाबड़ा और योगेश अरोरा का भी सम्मान किया गया। निर्णायक मंडल में शामिल निधि मंगल, ज्योति अग्रवाल और मीनू विजयवर्गीय को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इसके बाद विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बेस्ट गरबा अटायर और बेस्ट कपल जैसी श्रेणियां भी शामिल रहीं। पुरस्कार मिलते ही प्रतिभागियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।


