भिण्ड। भिण्ड ग्वालियर इटावा नेशनल हाईवे 719 को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर आज जिला कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम तहसीलदार भिण्ड देवेंद्र सिंह तोमर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने केंद्र सरकार को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में फोरलेन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हजारों लोगों के साथ व्यापक जनांदोलन किया जाएगा।*हादसों के बावजूद फोरलेन निर्माण में देरी का आरोप*जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद सड़क को फोरलेन बनाने की टेंडर प्रक्रिया बार-बार टल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण प्रक्रिया शुरू होने में हो रही देरी के लिए भाजपा सरकार, स्थानीय सांसद और उनके नेता जिम्मेदार हैं। बघेल ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन और यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क की स्थिति सुधारने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाना जरूरी है।*15 दिन में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग*कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि 15 दिन के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य की शुरुआत को लेकर आधिकारिक समय-सीमा घोषित की जाए। जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और फोरलेन निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।*निर्माण शुरू होने तक टोल से राहत देने की मांग*कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 का फोरलेन निर्माण शीघ्र शुरू कराने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू होने तक नियमानुसार टोल से राहत देने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा दुर्घटनास्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाने, बैरिकेडिंग कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि जब तक स्थायी समाधान के रूप में सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।*कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस*रामशेष बघेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिन के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस हजारों लोगों को साथ लेकर सड़क पर उतरेगी और बड़ा जनांदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की समस्या को लेकर अब चुप नहीं बैठा जाएगा और लोगों की जान बचाने के लिए सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी।*कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद*ज्ञापन सौंपने के दौरान जय श्रीराम बघेल, महेश जाटव, डॉ. शिवेंद्र सिंह, बाबूराम जामोर, बाबा भगवान दास सेथिया, वीरेंद्र यादव, नरोत्तम सिंह नरवरिया, पंकज त्रिपाठी, संदीप मिश्रा, रामस्वरूप गोयल, सुशीला नरवरिया, उदल सिंह बघेल, अतर सिंह कुशवाहा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


