छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में करोड़ों की लागत से दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक कंपोजिट रीजनल सेंटर (CRC) का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। केंद्र का शुभारंभ जल्द होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने बताया कि इसकी सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इस केंद्र के शुरू होने से छतरपुर सहित बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल क्षेत्र के दिव्यांगजनों को फिजियोथैरेपी और अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। यहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए क्रॉस डिसेबिलिटी अर्ली इंटरवेंशन सेंटर भी शुरू किया जाएगा, जिससे दिव्यांगता की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार में मदद मिलेगी। इसके अलावा, केंद्र में दिव्यांगता से संबंधित डिग्री कोर्स शुरू करने की योजना है। इन पाठ्यक्रमों में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकेंगे। भविष्य में दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक तकनीक से कृत्रिम हाथ-पैर तैयार करने और उनकी सटीकता बेहतर बनाने के उद्देश्य से 3D स्किन मैपिंग जैसी उन्नत सुविधाएं विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इस आधुनिक केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के दिव्यांगजनों को बेहतर उपचार, प्रशिक्षण और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।


