मुरैना। जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खुलावली में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि वन विभाग की टीम ने एक वयस्क मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया। मगरमच्छ मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित पकड़कर चंबल नदी के राजघाट पर छोड़ दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन मंडल अधिकारी एवं संबंधित अधीक्षक के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने रात करीब 12:30 बजे से सुबह 4 बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान टीम ग्राम खुलावली में साला चौकी के पास, थाना देवगढ़ क्षेत्र में पहुंची, जहां एक वयस्क मगरमच्छ दिखाई दिया।टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर चंबल नदी के राजघाट पर छोड़ दिया। वन विभाग की टीम की सतर्कता से मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित पहुंचाया गया।वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और मगरमच्छ दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने या उसके नजदीक जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की आवश्यकता है।


