शिवपुरी शहर के पोहरी रोड स्थित सेंट चार्ल्स स्कूल के सामने शाही कॉलोनी में दो नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में अकेली मौजूद महिला को काबू में कर दूसरे कमरे में बंद कर दिया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं, पुलिस मामले को संदेहास्पद मानकर भी जांच कर रही है।
सगाई समारोह के अगले दिन हुई वारदात -शांति नामदेव के मुताबिक, उनका मूल निवास बैराड़ थाना क्षेत्र के एंचबाड़ा गांव में है। उन्होंने शिवपुरी की शाही कॉलोनी में मकान बनवाया है, जहां उनका बेटा और बहू रहते हैं। परिवार के लोग गांव से यहां आते-जाते रहते हैं। रविवार को उनके छोटे बेटे नीरज नामदेव की सगाई का कार्यक्रम शिवपुरी के एक होटल में आयोजित हुआ था। परिवार में समारोह की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि अगले दिन घर में लूट की वारदात हो गई।
घर में अकेली थी बहू, दो बदमाशों ने बनाया बंधक -शांति नामदेव की बड़ी बहू मोनिका नामदेव ने बताया कि दोपहर के समय वह घर में अकेली थी। सगाई कार्यक्रम के बाद उनके पति गांव लौट गए थे, जबकि सास, ननद और ससुर दवा लेने के लिए बाजार गए हुए थे। इसी दौरान दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने मोनिका को काबू में कर अलमारी की चाबी मांगी और फिर उन्हें दूसरे कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद एक बदमाश कमरे के बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अलमारी में रखे जेवरात निकालने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।सगाई में मिली अंगूठी और बेटी का हार भी ले गए -शांति नामदेव के मुताबिक, बदमाश घर की अलमारी में रखे दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की तोड़ियां ले गए हैं। इनमें उनकी बेटी कुंती नामदेव का सोने का हार भी शामिल था, जो कार्यक्रम के चलते घर पर रखा हुआ था। इसके अलावा एक दिन पहले ही सगाई समारोह में उनके बेटे नीरज को मिली सोने की अंगूठी भी बदमाश अपने साथ ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे -वारदात की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, पुलिस मामले को संदेहास्पद मानकर भी जांच कर रही है। फिलहाल वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


