शाजापुर शहर के बीजेपी कार्यालय के समीप स्थित शासकीय बालक महाविद्यालय छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ खुलेआम खिलवाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रावास के मैस में छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की सब्जी में कीड़े (इल्ली) निकलने से हड़कंप मच गया है। छात्रों का आरोप है कि पिछले करीब 4 महीनों से उन्हें बेहद निम्न गुणवत्ता का और कीड़े-मकोड़े युक्त भोजन दिया जा रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर छात्रों ने कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या समस्या का निराकरण नहीं किया गया है लापरवाही का यह सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। छात्रावास में जो भोजन छात्रों को दिया गया, उसकी सब्जी में एक बार फिर इल्ली पाई गई। खाने में कीड़ा निकलते ही छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। भोजन में इल्ली निकलने के बाद आक्रोशित छात्रों ने तत्काल इसकी शिकायत छात्रावास अधीक्षक से की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


