नर्मदापुरम- जिले में पतंगबाजी के शौक के बीच जानलेवा चाइनीज मांझा अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। इटारसी में चाइनीज मांझे ने ऐसा खूनी खेल खेला कि ड्यूटी पर जा रहा पुलिस आरक्षक और ऑफिस से घर लौट रही युवती इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। मांझे की धार ने आरक्षक के चेहरे, गाल और कान के पास गहरे घाव कर दिए।
हालत यह रही कि आरक्षक को 10 टांके लगवाने पड़े। वहीं हेलमेट पहने होने के कारण युवती की जान तो बच गई, लेकिन वह भी मांझे से घायल हो गई। सवाल यह है कि आखिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा खुलेआम बिक कैसे रहा है और इसकी कीमत आम जनता कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर चुकाती रहेगी।
इटारसी के ओवरब्रिज पर शाम के वक्त चाइनीज मांझे ने दो लोगों को अपना शिकार बना लिया। इटारसी थाने में पदस्थ आरक्षक अफजल खान ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी अचानक हवा में उड़ता जानलेवा मांझा उनके गले और चेहरे से जा टकराया।
मांझे की धार इतनी तेज थी कि कान के पास से होते हुए गाल के ऊपरी हिस्से तक गहरे कट लग गए। आरक्षक के शरीर पर तीन जगह गंभीर घाव हुए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 10 टांके लगाकर उनका उपचार किया। इसी ओवरब्रिज पर ऑफिस से घर लौट रही युवती दीक्षा चौधरी भी मांझे की चपेट में आ गईं।
गनीमत रही कि युवती ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मांझे से उनकी उंगली और नाक के ऊपरी हिस्से में चोट आई है। युवती ने भी थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। एक ही स्थान पर दो लोगों के घायल होने से शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के मुताबिक, थाने में पदस्थ आरक्षक अफजल खान के मांझे की चपेट में आने से घायल होने की जानकारी मिली है। वहीं एक युवती भी इसी तरह घायल हुई है।
पुलिस अब पतंग बेचने वालों और उड़ाने वालों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर जानलेवा मांझा कहां से खरीदा और बेचा जा रहा है। थाना प्रभारी ने साफ किया है कि चाइनीज मांझे का इस्तेमाल करने और इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


