इंदौर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा के दौरान महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर एक अलग ही अंदाज में नजर आईं। ‘कटार वाली दीदी’ के नाम से मशहूर उषा ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने काफिले के साथ चल रही कार के सनरूफ से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, इंदौर में आज लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर अपने काफिले के साथ नजर आईं।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर दिखाई दे रही हैं। इस दृश्य को लेकर अब सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सवाल यह उठ रहा है कि जब आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है, तो क्या जनप्रतिनिधियों को भी उन्हीं नियमों का पालन नहीं करना चाहिए? फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की चर्चा हो रही है। इस मामले में यातायात पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


