गुना। शहर के सिंगवासा तालाब पर रविवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का, जहां बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री लेकर पहुंचीं। तालाब परिसर छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना से भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने अस्त होते सूर्यदेव को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की।छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सिंगवासा तालाब पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा की तैयारियां कीं। पूजा की थालियों में फल, फूल, नारियल, गन्ना, दीपक और विभिन्न प्रकार के पारंपरिक प्रसाद सजाए गए। इसके बाद सूर्यास्त के समय सभी व्रती महिलाएं तालाब के पानी में खड़ी हुईं और भगवान सूर्य की उपासना करते हुए उन्हें अर्घ्य अर्पित किया।जैसे-जैसे सूर्यदेव अस्त होने लगे, वैसे-वैसे तालाब पर छठ पूजा का दृश्य और भी आकर्षक होता चला गया। जल में खड़ी महिलाएं हाथ जोड़कर सूर्यदेव की आराधना करती नजर आईं। किसी ने अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की तो किसी ने संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए छठी मैया से आशीर्वाद मांगा। पूरे वातावरण में श्रद्धा और भक्ति का भाव दिखाई दिया।छठ पूजा की सबसे खास बात इस पर्व की कठिन साधना और अनुशासन है। व्रती महिलाएं कई दिनों तक नियम-संयम का पालन करती हैं और निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य तथा छठी मैया की आराधना करती हैं। मान्यता है कि छठी मैया की विधि-विधान से पूजा करने और सूर्यदेव को अर्घ्य देने से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और संतान की खुशहाली बनी रहती है।सिंगवासा तालाब पर छठ पूजा के दौरान पारंपरिक लोकगीतों ने आयोजन की धार्मिक छटा को और बढ़ा दिया। महिलाओं के समूह छठी मैया के गीत गाते हुए पूजा करते नजर आए। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और व्रती महिलाओं की सहायता करते दिखाई दिए। तालाब परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के चेहरों पर पर्व को लेकर उत्साह और आस्था साफ झलक रही थी।छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि भारतीय लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भी प्रतीक है। इस पर्व में सूर्यदेव की उपासना के माध्यम से जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मकता की कामना की जाती है। यही वजह है कि छठ पूजा में उगते और डूबते दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है।रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा का महत्वपूर्ण अनुष्ठान संपन्न हुआ। अब सोमवार सुबह व्रती महिलाएं एक बार फिर सिंगवासा तालाब पहुंचकर उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।खुशबू चौधरी ने बताया कि व्रत परिवार का एक ही रखता है लेकिन हम सभी मिलकर सहयोग करते हैं छठ पूजा हमारा एक बहुत ही महान पर्व है जो कि स्वास्थ्य के लिए हमारे परिवार के दूसरे के परिवार के मतलब सारे लोगों के स्वास्थ्य रहे हैं सब बच्चे अच्छे फले फूले उसके लिए पूजा की जाती है और यह बहुत ही साफ सफाई काफी ही ज्यादा मतलब कि हमें इसमें नियम का पालन करना पड़ता है छठ पूजा में और हमें काफी स्वच्छता भी इसमें मेंटेन करके रखना पड़ता है और काफी मतलब इसमें चीज लगती हैं प्राकृतिक से जुड़ी हुई और यह एक ऐसा पर्व है जिसमें पुजारी की जरूरत नहीं होती हैं यह सारे परिवार के लोग मिलकर एकजुट हो जाते है सभी मिलकर यह पर्व मनाते हैं।वही ममता देवी ने बताया कि यह छठ पूजा हमारा परंपरा का छठ है हम अपने बच्चे और परिवार के लिए करते हैं और यह पूजा 3 दिन तक होती है और यह परंपरा चलती रहेगी।


