सबलगढ़, मुरैना। चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ मुरैना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार 15 नवंबर को टेंटरा थाना क्षेत्र के ग्राम रायडी में पुलिस, वन विभाग, राजस्व विभाग एवं एसएसएफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 1200 ट्रॉली अवैध रेत का नष्टीकरण किया। नष्ट की गई रेत की अनुमानित कीमत 26 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है।पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना द्वारा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अधिकारियों को अवैध रेत कारोबार में इस्तेमाल होने वाले रास्तों की पहचान कर उन्हें गड्ढे खुदवाकर अवरुद्ध करने के निर्देश भी दिए गए हैं।इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी सबलगढ़ रोशनी कुमरे के मार्गदर्शन में टेंटरा और सबलगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वन विभाग, राजस्व विभाग एवं एसएसएफ के साथ ग्राम रायडी में कार्रवाई की।संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की तो गांव में विभिन्न स्थानों पर भारी मात्रा में अवैध रूप से रेत भंडारित मिली। इसके बाद तीन जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 1200 ट्रॉली यानी 2400 घनमीटर रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया।इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


