बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम रमगढ़ी से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां एक वृद्ध दंपति ने कथित तौर पर एक साथ कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान पहले पत्नी और फिर पति की मौत हो गई। आखिर दंपति ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे 68 वर्षीय सूरज सिंह धुर्वे और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सुंदरी बाई ने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को बिरसा अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक जांच के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई, जिसके बाद परिजन उन्हें घर वापस ले आए। लेकिन अगले दिन यानी 20 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे दोनों की तबीयत फिर बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें उपचार के लिए बालाघाट ला रहे थे, तभी रास्ते में सुंदरी बाई ने दम तोड़ दिया। वहीं सूरज सिंह को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें भर्ती नहीं किया गया।
इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शाम करीब 4:30 बजे उनकी भी मौत हो गई। 21 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। दंपति के नाती के अनुसार, घर में दादा-दादी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन विवाद की वजह उसे भी पता नहीं है। उसने बताया कि दादा-दादी और उसके पिता अलग-अलग रहते थे। फिलहाल वृद्ध दंपति के इस कदम के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। बिरसा पुलिस ने मामला जांच में लिया है।


