उज्जैन। कार्तिक-अगहन मास में भगवान श्री महाकालेश्वर की पहली सवारी के दौरान सामने आए एक फ़ोटो वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। पालकी में विराजमान बाबा महाकाल के चन्द्रमोलेश्वर स्वरूप के हाथ में कथित तौर पर चिलम दिखाई देने के मामले में उज्जैन के पांच युवा श्रद्धालुओं ने कलेक्टर और मंदिर समिति से शिकायत कर जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।बताया जता है कि 16 नवंबर को निकली सवारी से जुड़े फोटो और वीडियो सामने आने के बाद यह मुद्दा उठा। आरोप है कि पालकी में विराजित भगवान के एक हाथ में चिलम जैसी वस्तु नजर आई, जिसमें मादक पदार्थ होने का भी दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह दृश्य श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के आधिकारिक साइड पर साझा किए गए, जिसमें सवारी के दौरान भी यह वस्तु हाथ मे मौजूद दिखी।जनसुनवाई में पहुंची शिकायतउज्जैन निवासी ईशान सिंह, आनंद त्रिवेदी, रौनक उज्जैनिया, लक्ष्य परिहार और विशाल शर्मा ने मंदिर समिति के साथ-साथ मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर रोशन सिंह को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायतकर्ताओं ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए पांच प्रमुख बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि किसी भी पुराण, वैदिक ग्रंथ या शैव परंपरा में भगवान की पूजन पद्धति में मादक पदार्थों के अर्पण या प्रदर्शन का विधान नहीं है। युवाओं का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार के नशामुक्ति अभियानों के दौर में इस तरह के दृश्य समाज और युवाओं में गलत संदेश दे सकते हैं तथा नशे को आस्था से जोड़ने की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल सकता है।सुरक्षा और निगरानी पर सवालसवारी के दौरान 15 पुलिसकर्मियों, 12 से अधिक मंदिर सुरक्षाकर्मियों और मंदिर प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी के बीच भगवान के स्वरूप तक यह वस्तु कैसे पहुंची और रामघाट पूजन तक इसे क्यों नहीं हटाया गया, इसे लेकर श्रद्धालुओं ने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मंदिर से जुड़े पुजारियों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि सवारी में चिलम अर्पित करने की कोई परंपरा नहीं है और मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई होनी चाहिए।


