अशोकनगर। अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अशोकनगर पुलिस ने ग्राम माधौगढ़ में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की संयुक्त टीमों ने अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश देकर करीब 400 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब, 60 टंकियां और शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री व भट्टियां जब्त कीं। वहीं शराब बनाने के लिए तैयार करीब 20 हजार लीटर लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अशोकनगर ओमप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस लाइन, थाना देहात और थाना कचनार की संयुक्त टीमों ने ग्राम माधौगढ़ में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां सामने आईं।पुलिस ने मौके से कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण और निर्माण सामग्री जब्त की। साथ ही करीब 20 हजार लीटर लहान नष्ट कर दिया, ताकि उससे अवैध शराब तैयार न की जा सके।पुलिस अब अवैध शराब कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। कच्चे माल की आपूर्ति, शराब के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बाइट – ओमप्रकाश मिश्रा, एसडीओपी अशोकनगर


