छतरपुर में भ्रष्टाचार की जांच करने पहुंची टीम के सामने भिड़े पूर्व और वर्तमान सरपंच के समर्थक, अधिकारियों की गाड़ियों पर बरसाए डंडे

छतरपुर। जिले की बरकोहा ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार की जांच करने पहुंची अधिकारियों की टीम के सामने जमकर विवाद हो गया। पूर्व सरपंच रामचरण यादव और वर्तमान सरपंच प्रीतम यादव के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने जांच टीम की गाड़ियों पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, बरकोहा ग्राम पंचायत में एक करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी बिल निकालने और विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत सामने आई थी। मामले की जांच के लिए जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने अधिकारियों की टीम गठित की थी। टीम पंचायत में कराए गए एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की जांच करने गांव पहुंची थी।इसी दौरान पूर्व सरपंच और वर्तमान सरपंच के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट की स्थिति बन गई।

आरोप है कि कुछ लोगों ने जांच करने पहुंची टीम की गाड़ियों पर भी डंडों से हमला किया।विवाद और हंगामे के चलते जांच टीम बिना जांच पूरी किए ही बैरंग लौट गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, जांच टीम पर हुए इस हंगामे के चलते पंचायत में कथित भ्रष्टाचार की जांच भी प्रभावित हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here