लॉकडाउन के कारण कुछ लोगों को भोजन नहीं मिलने का पता चला तो वार्ड नंबर 41 छातामुड़ा के टिकरापारा मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर ऐसे लोगों की मदद के लिए समिति बना ली।
इस मोहल्ले के कई लोग सब्जी बेचते हैं। बेहसहारा और प्रवासियों की लाचारी देखकर इन लोगों ने पड़ोसियों से चर्चा की और मारूति नंदन सेवा नाम से एक समिति बना ली। 25 से ज्यादा सदस्यों ने मिलकर एक क्विंटल चावल, एक क्विंटल आलू, 50 किलो दाल सहित अन्य जरूरी सामान इकट्ठा कर लिए हैं। इस समिति ने खाना बना प्रशासन की अनुमति के बाद लोगों में बांटना शुरू कर दिया है। एक हेल्पलाइन नंबर 8269845390 जारी किया गया है। जिसे जरूरत हो वह फोन कर सकता है।
150 पैकेट अनाथालय सेंटर में दे रहे हैं रोज
समिति के उपाध्यक्ष मार्कंडेय कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन की तरफ से स्टेशन चौक, शनि मंदिर, चमड़ा गोदाम, अनाथालय आश्रम में बांटने का आदेश मिला है। समिति हर रोज 150 पैकेट अनाथालय में जमा कराएगी और बाकी 50 पैकेट अलग-अलग क्षेत्रों में वहां मौजूद दो महिला पुलिसकर्मियों की मदद से लोगों को बांट रही है। शनिवार को शनिमंदिर के पास असहाय लोगों में खाने के पैकेट दिए गए। जरूरतमंद लोगों के कहने पर अब अनाथालय आश्रम में शाम को पैकेट दिया जाएगा।
शनि मंदिर के नजदीक गरीब जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट बांटते समिति के सदस्य।
Source link


