- तुगलकाबाद एक्सटेंशन में 35 लोग कोरोना पॉजिटिव
- गली नंबर 26 और 27 को किया गया पूरी तरह से सील
तुगलकाबाद एक्सटेंशन दिल्ली का तीसरा सबसे बड़ा कोरोना वायरस हॉटस्पॉट बनकर उभरा है. तुगलकाबाद एक्सटेंशन में 35 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पहले सिर्फ 3 लोग कोरोना पॉजिटिव थे, जिसमें एक परचून की दुकान का मालिक संक्रमित था.
संक्रमण की पुष्टि होने के बाद यहां की गली नंबर 26 और 27 के 94 लोगों का कोविड-19 टेस्ट हुआ. इस जांच में 35 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. गली नंबर 26 और 27 को पूरी तरह से सील कर दिया गया है. सील्ड इलाकों में अब केवल जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी, किसी के बाहर निकलने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है.
घरेलू उपयोग के जरूरी सामान और दवाइयों की होम डिलिवरी कराई जाएगी. इस इलाके से अब क्वारनटीन खत्म होने तक कोई बाहर नहीं निकल सकेगा, सभी को आइसोलेट ही रहना होगा. दिल्ली प्रशासन इन इलाकों पर नजर रखेगा.
दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव केस 2000 पार
दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2000 पार कर गई है. बीते 24 घंटे में 110 मामले सामने आए हैं. 83 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो गए हैं. बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस की वजह से 2 लोगों ने जान भी गंवाई है. दिल्ली में कुल 2003 केस सामने सामने आ चुके हैं.
दिल्ली में 1283 मरीज ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से कम है. 320 मरीज ऐसे जिनकी उम्र 51 से 59 वर्ष के बीच है. 386 मरीज ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 से ज्यादा है. कुछ संक्रमितों के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें
पुलिसकर्मी भी हो रहे संक्रमित
दिल्ली पुलिस का एक और कांस्टेबल कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. दिल्ली के तिलक विहार में कोरोना टेस्ट का कैम्प लगा था, जिसमें लगभग 45 लोगों ने अपना टेस्ट करवाया. इस कैंप में तिलक विहार में तैनात दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने भी अपना टेस्ट करवाया और पॉजिटिव पाया गया. अब स्वास्थ्य विभाग ने कांस्टेबल और उसके संपर्क में आए 10 पुलिस कर्मियों को क्वारन्टीन में भेज दिया है. पुलिस स्टेशन तिलक विहार को पूरी तरह से सैनिटाइज कर दिया गया है.
दिल्ली के 78 इलाके बने कंटेनमेंट जोन
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले देखने के बाद अब कुल 78 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं. दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामले चिंताजनक हैं. कंटेनमेंट जोन अतिसंक्रमण वाली जगहें होती हैं, जहां लोगों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया जाता है. जिन इलाकों को सील किया जाता है, वहां किसी को बाहर नहीं निकलने की इजाजत नहीं है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है. कोरोना वायरस से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ऑपरेशन शील्ड (SHIELD) पर काम कर रही है. इस ऑपरेशन के तहत सीलिंग, होम क्वारनटीन, आइसोलेशन, जरूरी सेवाएं, लोकल सैनिटाइजेशन और डोर टू डोर सर्वे पर जोर दिया जाता है. जिससे संक्रमण का फैलाव नहीं होता.

