Coronavirus: CM Khattar said on sealing the border with Delhi- better protection from treatment – Coronavirus: दिल्ली के साथ लगी सीमा सील करने पर सीएम खट्टर ने कहा

Coronavirus: दिल्ली के साथ लगी सीमा सील करने पर सीएम खट्टर ने कहा- इलाज से बचाव बेहतर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (फाइल फोटो)

खास बातें

  • सीएम खट्टर ने बचाव को इलाज से बेहतर बताया
  • कहा कि दिल्ली के साथ लगी सीमाओं पर सख्ती बरतने की जरुरत है
  • राष्ट्रीय राजधानी से सटे राज्य के जिलों में कोविड-19 के नए मामले सामने आए

चंडीगढ़:

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बचाव को इलाज से बेहतर बताते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली के साथ लगी सीमाओं पर सख्ती बरतने की जरुरत इसलिए आई है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी से सटे राज्य के जिलों में कोविड-19 के नए मामले सामने आए हैं. खट्टर ने टीवी पर अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार को कुछ कड़े कदम उठाने पड़े हैं क्योंकि दिल्ली से सटे जिलों सोनीपत, झज्जर, गुड़गांव और फरीदाबाद में पिछले छह दिन में कोविड-19 के 28 नए मामले सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि ये सभी मामले किसी ना किसी रूप में दिल्ली से जुड़े हैं. जैसे कोई दिल्ली में काम करता है, या किसी के परिवार का सदस्य वहां काम करता है या फिर वह किसी के संपर्क में आया है.

उन्होंने कहा, ‘बचाव इलाज से बेहतर उपाय है. बीमारी से छुटकारा पाने के लिए कड़वी दवाई पीनी जरुरी है और हमें दोनों राज्यों की सीमाओं से आवाजाही रोकनी पड़ेगी.’ खट्टर ने कहा, ‘अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो, हम कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोक नहीं सकेंगे. हम इस संक्रमण को दिल्ली से अपने राज्य में प्रवेश करने नहीं देंगे.’

लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों, छात्रों और सैलानियों को घर लौटने की सरकार ने दी इजाजत

वहीं कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाये गए लॉकडाउन के दौरान सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने के लिए दिल्ली में 95 मामले दर्ज किए गए और 2,649 लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने बताया कि शाम पांच बजे तक भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत 95 मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत कुल 2,649 लोगों को हिरासत में लिया गया और धारा 66 के तहत 138 वाहनों को जब्त किया गया. 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here