इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) ने कोरोना वायरस (coronavirus) महामारी से लड़ने के लिए बनाए गए फंड में अपने देश के लोगों से खुलकर दान देने की अपील की है.
उन्होंने कहा है कि सरकार भी इसमें पीछे नहीं रहेगी, जनता द्वारा दिए गए हर एक रुपये के बदले सरकार चार रुपए का अंशदान देगी. इमरान अपने कुछ मंत्रियों के साथ गुरुवार को मीडिया से मुखातिब हुए और सरकार के एक रुपए के बदले चार रुपए अंशदान के फैसले की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस रिलीफ फंड के पैसे का इस्तेमाल उन लोगों को मदद देने के लिए किया जाएगा, जिनका रोजगार इस महामारी के दौरान छिन गया है. इसके लिए एक एसएमएस सर्विस जल्द शुरू की जाएगी. सुविधा का लाभ उठाने के लिए लोगों को सरकार को बेरोजगार होने का प्रमाण देना होगा.
ये भी पढ़ें: FATF से बचने के लिए पाकिस्तान ने आतंकी संगठन लश्कर का नाम बदला, अब इस नाम से दे रहा साजिशों को अंजाम
इमरान ने कहा कि देश में कोरोना से मौत की दर उससे कम रही है ‘जितने का डर था.’ उन्होंने कहा, “हमने सोचा था कि अब तक देश के आईसीयू कोरोना मरीजों से भर जाएंगे और उनमें जगह नहीं होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ. कोरोना के मामले और इससे मौतों की संख्या उससे कम रही है जितने का अंदेशा था.”
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विदेश में फंसे प्रवासी पाकिस्तानियों को स्वदेश लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जो लोग लौटना चाहते हैं, उन्हें मदद दी जाएगी. इमरान खान ने कहा कि विदेश में कमा कर विदेशी मुद्रा देश भेजने वाले यह कामगार देश के वीआईपी हैं.
( इनपुट: भाषा )

