- देश में लॉकडाउन के कारण स्कूल बंद
- स्टूडेंट्स को दी जा रही ऑनलाइन क्लासेज
- महिला शिक्षकों और छात्राओं के लिए मुसीबत
देश में कोरोना संकट के कारण लॉकडाउन लागू है. लॉकडाउन के कारण देश में स्कूल भी बंद है. हालांकि बच्चों को इस दौरान ऑनलाइन क्लासेस के जरिए पढ़ाया जा रहा है. स्टूडेंट्स को जूम ऐप के जरिए क्लासेज दी जा रही है. कई ऑनलाइन जूम क्लास में छात्राओं और शिक्षिकाओं को कई बार बेहद शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है, जब कुछ छात्र क्लास में बेहूदगी भरी हरकत करने लग जाते है.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के कई स्कूलों के ऑनलाइन क्लासेस के दौरान ऐसा कई बार हो चुका है, जब पढ़ा रही शिक्षिकाओं को या फिर जूम क्लास में बैठी लड़कियों को छींटाकशी या अश्लील बातें सुननी पड़ी हों. ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था कई छात्रों के लिए अभद्र टिप्पणी और छात्राओं और टीचर के साथ अश्लीलता करने का साधन बन गया है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
कई घटनाएं ऐसी सामने आ रही हैं जिसमें छात्र ऑनलाइन पढ़ाई के पोर्टल के जरिए टीचर और छात्राओं को न सिर्फ अश्लील मैसेज भेज रहे हैं, बल्कि अभद्र टिप्पणी भी कर रहे हैं. लखनऊ के एक बड़े और प्रतिष्ठित स्कूल की टीचर ऑनलाइन क्लास ले रही थी, तभी छात्र ने उनके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी. कक्षा 5 के छात्र ने प्रिंसिपल पर निबंध लिखने की बात कहे जाने पर उसे पीटने तक की बात कह दी.
टीचर को गालियां
जब उस छात्र से उसकी पहचान पूछी गई तो उसने टीचर को गालियां देना शुरू कर दी. जिसके चलते टीचर काफी शर्मिंदगी महसूस कर रही हैं. छात्र की हरकत पर टीचर ने स्कूल मैनेजमेंट से शिकायत की है. ऐसे ही लखनऊ के दूसरे एक स्कूल में इंग्लिश की एक टीचर कक्षा 5 के बच्चों की क्लास ले रही थी. उसी बीच में छात्र ने उनके साथ न सिर्फ गाली गलौज की बल्कि उन्हें मारने तक की भी बात कही.
लखनऊ के ही एलडीए कॉलोनी में हिंदी की टीचर जब ऑनलाइन क्लासेज ले रही थी तो एक स्टूडेंट ने एक दूसरी छात्रा को देख कर के कहा कि ‘तुम बहुत हॉट लग रही हो’ और स्कूल यूनिफार्म में तो इतनी अच्छी नहीं लगती. जिसके बाद इस छात्र की भी शिकायत प्रबंधक से की गई हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
ज्यादातर मामले ऑनलाइन पढ़ाई के और मीटिंग के पोर्टल ‘जूम’ पर देखने को मिली. एक जगह तो टीचर ने बकायदा छात्र की रिकॉर्डिंग करके मैनेजमेंट को शिकायत की है. जिसमें पढ़ाई के दौरान छात्र टीचर को गालियां दे रहे हैं. जिसके बाद टीचर ने एप्लीकेशन को बंद कर दिया और अब वह पढ़ाने से कतरा रही हैं. उन्हें डर है कि इस तरह से छात्र अपनी सभी हदें पार कर रहे हैं.
यूपी पुलिस की छानबीन
इन सारी घटनाओं के बाद यूपी पुलिस ने भी अपनी तरफ से छानबीन शुरू कर दी है. यूपी पुलिस की साइबर सेल ने उस संभावना की तरफ काम करना शुरू कर दिया है. जिससे इस तरह की हरकतों पर ऐप के जरिए ही रोक लगाई जा सके. पुलिस के मुताबिक ऑनलाइन पढ़ाई के पोर्टल और जूम के प्रबंधकों से संपर्क करके यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या किसी तरीके से इसमें हर छात्र की पहचान और आईपी एड्रेस निकाला जा सकता है. जिसके बाद छात्रों को कठोर दंड दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: कब खुलेंगे कॉलेज? स्टूडेंट के सवाल पर HRD मंत्री ने दिया ये जवाब
इस पूरे मामले में परेशान करने वाली बात यह भी है सभी छात्र नाबालिग हैं. लिहाजा कानून के लिहाज से चाहकर भी उनके खिलाफ बहुत ज्यादा सख्ती नहीं की जा सकती. लेकिन लॉकडाउन के दौरान टीचर्स की पढ़ाई के इस प्रयास को छात्रों ने एक गहरा धक्का दिया है. जिससे अब सभी प्राइवेट संस्थान ऑनलाइन एप्लीकेशन के जरिए पढ़ाई के दौरान अच्छी खासी सतर्कता बरत रहे हैं.
अभिभावक भी कर रहे हैं शर्मसार
छात्र ही नहीं बल्कि कई अभिभावक भी जूम क्लास में अपनी हरकतों से शर्मसार कर रहे हैं. लखनऊ में छात्र वेलफेयर समिति की मजिस्ट्रेट रिचा खन्ना ने आजतक से खास बातचीत में बताया की चल रहे इन ऑनलाइन क्लासेस में कई बार शिक्षकों खासकर महिला टीचर्स के साथ छात्र अश्लील टिप्पणियां कर रहे हैं. गलत बातें बोलने लगते हैं और जूम क्लास में बैठी लड़कियों पर भद्दे कमेंट भी कर रहे हैं.
रिचा खन्ना के मुताबिक यह बेहद ही कठिन समय है. जब स्कूल बंद है और टीचर्स के ऊपर अपने छात्रों को अपडेट रखने का प्रेशर है, वह लगातार बच्चों को पढ़ा रही हैं. ऐसे में कई अभिभावकों और उनके बच्चे गलत हरकतों में शामिल हो रहे हैं. रिचा खन्ना के मुताबिक सिर्फ छात्र ही नहीं बल्कि अभिभावक भी पीछे नहीं हैं. देर रात को मैसेज करना महिला शिक्षिकाओं को वीडियो कॉल करना और साथ-साथ ग्रुप में अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया है.
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम के बैड बॉयज के लॉकर रूम का ताला खुला, ऐसे हुआ अश्लील हरकतों का भंडाफोड़
हालात यह हैं कि 23 महिला टीचर तनाव में हैं और उनके लिए आगे क्लास लेना मुश्किल हो रहा है. सबसे बड़ी जिम्मेदारी उनके जिम्मेदार अभिभावकों की है, जो घर में भी अपने बच्चों को सहेज नहीं पा रहे या तो उनके मोबाइल का पोर्न कंटेंट ग्रुप में महिला टीचरों को भेजा गया या फिर बच्चों ने ऐसे पोर्न कंटेंट को अपने मोबाइल में रखा है. यह बेहद ही कठिन घड़ी है और अभिभावकों की जिम्मेदारी बहुत ज्यादा है.
अभिभावक कर रहे निजी मैसेज
एक वाकए का जिक्र करते हुए रिचा खन्ना ने कहा ग्रुप पर एक पोर्न वीडियो तक डाल दिया गया. यही नहीं कई अभिभावक जूम क्लास के ग्रुप से शिक्षिकाओं का नंबर लेकर उन्हें निजी मैसेज कर रहे हैं. रात के वक्त में उन्हें वीडियो कॉल किए जा रहे हैं. ऐसे में क्लास कराना या ऑनलाइन पढ़ाना महिला टीचरों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है.
लखनऊ के एक बड़े स्कूल की शिक्षिका और ऑनलाइन क्लास की संचालिका पलक उपाध्याय के मुताबिक ऑनलाइन क्लासेज में ऐसी हरकतें हो रही है, जिसे सभ्य समाज में जगह नहीं दी जा सकती. इसके लिए अभिभावकों को सोचना पड़ेगा कि आखिर महिला शिक्षिकाएं इतना सब कुछ उनके बच्चों के लिए कर रही हैं. जबकि उनके बच्चे किस रास्ते पर जा रहे हैं.
दरअसल, ऑनलाइन क्लासेज में ऐसी शिकायतें सिर्फ लखनऊ में ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों से आई हैं. कई जगह पर अभिभावक भी शिक्षिकाओं पर भद्दे कमेंट कर रहे हैं. यहां तक कि अश्लील ऑडियो और वीडियो मैसेज डाल रहे हैं.
दर्ज होगी शिकायत
पब्लिक स्कूल यूनियन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल के मुताबिक अगर यह हरकतें ज्यादा बढ़ी तो ऑनलाइन क्लासेज बंद करने पड़ेंगे. कई छात्र फर्जी आईडी से इन क्लासेज में अपनी पहुंच बना रहे हैं. स्कूलों ने बकायदा छात्रों और उनके अभिभावकों की पहचान करना शुरू कर दिया है और स्कूल खुलने के बाद छात्रों को दंडित किया जाएगा जबकि अभिभावकों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज होगी.

