
Coronavirus India Live Updates: भारत में बढ़ रही है COVID-19 के संक्रमितों की संख्या
Coronavirus Live Update: देश में रविवार को लगातार तीसरे दिन कोविड-19 के मामलों में सर्वाधिक बढ़ोतरी देखी गई जहां पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 6,767 नये मामले सामने आए और 147 लोगों की मौत हो गई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,31,868 हो गई है जबकि बीमारी के कारण मरने वालों की संख्या 3,867 तक पहुंच गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दिल्ली के नजफगढ़ स्थित चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान (सीबीपीएसीएस) में कोविड-19 के मरीजों के लिए बने स्वास्थ्य केंद्र का दौरा करने के बाद कहा कि देश में जांच करने की क्षमता बढ़ी है और रोजाना 1,50,000 नमूनों की जांच की जा सकती है. उन्होंने कहा, ‘‘ कल ही हमने 1,10,397 नमूनों की जांच की थी. कल तक हमने 29,44,874 नमूनों की जांच कर ली है.” हर्षवर्धन ने बताया कि भारत में अब 422 सरकारी और 177 निजी प्रयोगशालाओं में कोविड-19 की जांच की जा रही है.
तिहाड़ जेल में तैनात 45 वर्षीय सहायक अधीक्षक में रविवार को कोरोनावायरस संक्रमण की पुष्टि हुई. जेल अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय कारागर में संक्रमण का यह पहला मामला सामने आया है. संक्रमित पाए गए अधिकारी केंद्रीय कारागार नंबर-7 में तैनात हैं और तिहाड़ जेल कर्मचारी आवास परिसर में रहते हैं.
कोविड-19 : गोवा में संक्रमण के 11 नये मामले, कुल संख्या बढ़कर 66 हुई
दिल्ली-तिरुवनंतपुरम राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से शनिवार को गोवा पहुंचे 11 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
उत्तराखंड में 73 नये कोविड-19 मरीज, पूरा राज्य ऑरेंज जोन में
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिन से लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों में रविवार को 73 नये मरीज जुड़ गये जिससे प्रदेश में महामारी से पीड़ितों का आंकड़ा बढ़कर 317 हो गया है और पूरा राज्य ऑरेंज जोन में आ गया.
उत्तर प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के रविवार को 254 नए मामले आए और राज्य में अब तक इस संक्रमण की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या 161 हो गई है.
कोरोना वायरस महामारी के कारण दिल्ली में होने वाली मौतों की संख्या के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने रविवार को भाजपा पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया.
झारखंड में कोविड-19 के 20 नये मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 370 हुई
झारखंड में रविवार को कोरोना वायरस के 20 नये मामले सामने आए, जिससे राज्य में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 370 हो गई है। यह जानकारी एक सरकारी बुलेटिन में दी गई.
कोविड-19: असम में 46 नए मामले, कुल मामलों की संख्या करीब 400 हुई
असम में रविवार को कोरोना वायरस के 46 नये मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 392 हो गई. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने यह जानकारी दी.
Source link

