Congress trying to take advantage of countrys challenges, indulges in political blame: Smriti Irani – कांग्रेस देश की चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश में, राजनीतिक दोषारोपण में लिप्त : स्मृति ईरानी

कांग्रेस देश की चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश में, राजनीतिक दोषारोपण में लिप्त : स्मृति ईरानी

वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (फाईल फोटो)

खास बातें

  • केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्षी दल पर बोला हमला
  • कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर साधा था निशाना
  • कहा- कांग्रेस का राजनीतिक दोषारोपण में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है

नई दिल्ली:

भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस पर देश के सामने मौजूद चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल ऐसे समय में राजनीतिक दोषारोपण में लिप्त है जो दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन उससे अपेक्षित भी है. वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के मोदी सरकार पर निशाना साधने के बाद विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला. सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को छोड़कर पूरे देश ने प्रवासियों की वेदना को सुना है. कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन से प्रभावित हुए लोगों के लिए अपना खजाना खोलने का भी आग्रह किया.

यह भी पढ़ें

सोनिया के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी ने कहा, ‘दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब देश को कोविड-19 महामारी के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है, तब कुछ राजनीतिक दल देश के सामने मौजूद चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश में हैं.’ पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पराजित करने वाली ईरानी ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों समेत सभी प्रदेशों की सरकारें 1.76 लाख करोड़ रुपये की ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना’ की साक्षी हैं और उन्होंने इससे लाभ उठाया है.

उन्होंने कहा कि इस योजना से हमारे समाज के कुछ सबसे कमजोर वर्गों को मदद मिली है. ईरानी ने कहा, ‘संकट की इस घड़ी में, केंद्र और राज्यों के साथ ही जिलों के अधिकारियों ने भी अपने प्रयासों को एक दिशा में सम्मिलित कर दिया है. और ऐसे समय में कांग्रेस का राजनीतिक दोषारोपण में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन उससे यही अपेक्षित भी है.’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को प्रारंभ अपनी पार्टी के ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान के तहत एक वीडियो संदेश में सरकार से मांग की कि सभी जरूरतमंद परिवारों को अगले छह महीने तक 7,500 रुपये दिए जाने चाहिए.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here