स्वतंत्रता दिवस के दिन सुकमा में 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया . (सांकेतिक फोटो)
सुकमा (Sukma) में पुलिस अधीक्षक के सामने इनामी पांच नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है. पुलिस ने सक्रिय नक्सलियों से अपील की है कि वे भी समर्पण करें, उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा.
काला दिवस मनाने वालों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया
सुकमा के एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि जिले में लगातार नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं. साथ ही सिविक एक्शन व जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. जिसके चलते संगठन छोड़कर कई नक्सली मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं. ऐसे ही आज 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया. आज तक जो काला दिवस मनाया करते थे, आज उन्होंने स्वंतत्रा दिवस मनाया है. हम उन सभी लोगों से अपील करते हैं जो गलत विचारधारा से प्रभावित होकर जंगलों में भटक रहे हैं, वे सरेंडर करें और जिले व प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाए. इन सभी को शासन की योजना का लाभ दिया जाएगा. इस मौके पर सीआरपीएफ के डीआईजी योज्ञान सिंह ने कहा कि समर्पण करने के लिए इससे अच्छा अवसर कुछ नहीं हो सकता था. मुख्यधारा से जुड़ने आए इन साथियों का स्वागत करता हूं और विकास विरोधी कार्यों में अब भी लिप्त नक्सलियों से अपील करता हूं कि वे मुख्यधारा से जुड़ें.
पति से करती हूं अपील संगठन छोड़ मुख्यधारा से जुड़ें : मड़कम सोनीचिरमूल एंबुश व पुमबाड़ घटनाओं समेत आधा दर्जन घटनाओं में शामिल नक्सली मड़कम सोनी ने आत्मसपर्मण किया है. महिला नक्सली मड़कम सोनी ने कहा कि पिछले कई सालों से सरेंडर करने का प्रयास कर रही थी क्योंकि नक्सल संगठन में महिलाओं के साथ भेदभाव होता है. इसलिए मैंने सरेंडर किया है. अब मैं अपने पति सुखराम से अपील करती हूं कि वे भी नक्सल संगठन को छोड़ मुख्यधारा से जुड़ जाएं.


