छत्तीसगढ़ में बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस आया है. (फोटोः एएनआई)
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में कल शाम से हो रही लगातार बारिश से प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ (Flood) जैसे हालात पैदा हो गए हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने सभी प्रभावित इलाकों के कलेक्टरों को आपदा राहत के इंतजाम करने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लगातार बारिश को देखते हुए कहा है कि सभी नियंत्रण कक्ष पूरी तरह मुस्तैद रहें और नदी-नालों के पानी पर निरंतर नजर रखी जाए. छत्तीसगढ़ अखबार के मुताबिक बारिश के दौरान जल जनित रोगों को देखते हुए भी सीएम बघेल ने सभी आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों में जलजनित रोगों, गैस्ट्रोएंटेराइटिस और सर्पदंश आदि की दवाएं और एंटीडोट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो. सीएम ने हालात को देखते हुए समय से पहले सभी तरह की तैयारियां कर लेने को कहा है.
Chhattisgarh: Normal life disrupted in Bijapur due to prevailing flood-like situation, following incessant rainfall in the area. pic.twitter.com/oOC1mwXWQC
— ANI (@ANI) August 16, 2020
अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अनुमान आपको बता दें कि राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार शाम से ही रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर संभाग के भोपालपट्टनम, बीजापुर, भैरमगढ़ एवं रायपुर संभाग के बसना-सराईपाली, पिथौरा में भारी बारिश दर्ज की गई है. लगातार बारिश से कई जगहों पर खेत-खलिहान और सड़कें लबालब हैं और नदियां उफान पर हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 24 घंटे में प्रदेश में कहीं-कहीं पर भारी बारिश हो सकती है. विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड व उसके आसपास लो-प्रेशर की वजह से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हो रही है.

