Delhi Congress demands Appoint Rahul Gandhi As Party Chief Without Further Delay – दिल्ली कांग्रेस की मांग

दिल्ली कांग्रेस की मांग- बगैर किसी देरी के राहुल गांधी को बनाया जाए पार्टी अध्यक्ष

दिल्ली कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग की है. (फाइल फोटो)

खास बातें

  • राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग
  • दिल्ली कांग्रेस समेत युवा इकाई ने की यह मांग
  • कांग्रेस पदाधिकारियों ने पारित किया प्रस्ताव

नई दिल्ली:

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस (Congress) की कमान संभालने को लेकर सियासी बवंडर शुरू हो गया है. नेतृत्व के मुद्दे पर पार्टी दो खेमों में बंटी नजर आ रही है. एक ओर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के ही अध्यक्ष पद पर बने रहने पर जोर दिया है, तो एक वर्ग चाहता है कि एक बार फिर से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पार्टी की जिम्मेदारी संभाले. इस बीच दिल्ली कांग्रेस (Delhi Congress) ने राहुल को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें

दिल्ली कांग्रेस के पदाधिकारियों ने रविवार को एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई. प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार (Anil Kumar) की अगुवाई में यह बैठक हुई. दिल्ली कांग्रेस ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें मांग की गई कि बगैर किसी देरी के राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया जाना चाहिए.

कांग्रेस नेता सचिन पायलट का पार्टी के लिए एकता का संदेश, गांधी परिवार की तारीफ की

कांग्रेस में नेतृत्व के मुद्दे पर चल रही बहस के बीच पार्टी की युवा इकाई ने भी रविवार को अपने पदाधिकारियों के साथ डिजिटल संवाद के बाद प्रस्ताव पारित किया कि अगर पार्टी अध्यक्ष को लेकर किसी तरह का बदलाव हो रहा हो तो राहुल गांधी को एक बार फिर से कांग्रेस की कमान सौंपी जाए. भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने एक बयान में कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व से पार्टी को मजबूती मिली है और उनके त्याग के लिए सभी कांग्रेसजन उनके ऋणी हैं.

पार्टी के शीर्ष पद को स्वीकार नहीं करना चाहते राहुल गांधी और प्रियंका गांधी : सूत्र

उन्होंने कहा, ‘अगर मौजूदा हालत में कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर कोई बदलाव होता है तो युवा कांग्रेस राहुल जी के साथ मजबूती से खड़ी है. युवा कांग्रेस ने प्रस्ताव पारित किया है कि ऐसी स्थिति में राहुल जी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाए.’ इस बीच, युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया में ‘माई लीडर राहुल गांधी’ हैशटैग से अभियान भी चलाया है. युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और सोशल मीडिया प्रभारी वैभव वालिया ने कहा, ‘कांग्रेस के हर कार्यकर्ता और खासकर युवाओं की यह भावना है कि राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस की कमान सौंपी जाए. इस हैशटैग के माध्यम से भी लोगों ने यही भावना प्रकट की है.’

VIDEO: कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक पर नजर

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here