चेन्नई: श्रीलंका के पूर्व में इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) का मोटर टैंकर ‘न्यू डायमंड’ की आग बुझाने का अभियान जारी है. यह जहाज ग्रीक स्वामित्व वाला है और इंडियन ऑयल कोऑपरेशन के चार्टर के तहत आता है. इस ऑयल टैंकर में 3 सितंबर को आग लग गई थी.
गुरुवार की दोपहर को इंजन रूम में हुए एक बड़े विस्फोट के बाद से ही यह जहाज आग से धधक रहा है. जहाज में आग लगने की पहली सूचना भारतीय तटरक्षक समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) मुंबई में प्राप्त हुई थी.
ये भी पढ़ें: घुटनों पर आया चीन: 80 दिनों में भारतीय रक्षा मंत्री से मिलने के लिए इतनी बार मांगा समय
कथित तौर पर एमटी न्यू डायमंड में कुवैत से 2.7 लाख एमटी कच्चा तेल आ रहा था, जिसे ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर पहुंचना था. Marinetraffic.com के अनुसार, एमटी न्यू डायमंड 20 साल पुराना तेल टैंकर है जो 333 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा है.
भेजे गए FPV अमेय और अभीक
आग लगने के बाद आईसीजी फास्ट पैट्रोल वेसल (FPV) अमेय और अभीक को यहां भेजा गया, जो कि शनिवार की शाम को यहां पहुंचे. ताकि यह तेल फैलने पर प्रदूषण रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई कर सके. एफपीवी अभीक एक्वीयस फिल्म फोम ड्रम कंसंट्रेट (AFFF) के 40 ड्रम, ड्राई केमिकल पॉवर ( DCP) की 50 यूनिट और 20 बैरल लेकर यहां पहुंचा है. तेजी से और लगातार अग्निशमन कार्य चलाकर आग को पोर्ट ब्रिज डेक और आफ्ट रेडी यूज टैंक क्षेत्र में रोक लिया गया है.
भारतीय तटरक्षक बल ने अग्निशमन के लिए छह जहाजों और दो विमानों को यहां तैनात किया है, जो कि तेल रिसाव होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई शुरू कर सकेंगे क्योंकि यदि तेल का रिसाव होता है तो इससे भयंकर प्रदूषण होगा. ICG जहाज सुजाय, शौर्य और सारंग गुरुवार से ही यहां हैं और श्रीलंका के जहाजों के साथ विशेष बाहरी अग्निशमन प्रणाली (Specialized External Fire Fighting System) का उपयोग करते हुए लगातार अग्निशमन अभियान में लगे हुए हैं. यह ऑपरेशन एमटी न्यू डायमंड के मास्टर की सलाह से चलाया जा रहा है.
शुक्रवार को एक टीम जिसमें आईसीजी के लोग शामिल थे उन्होंने न्यू डायमंड के कैप्टन के साथ मिलकर इसे Tug APL Winger से जोड़ा और उसे टो किया. संयुक्त प्रयासों से इसे श्रीलंका के तट से करीब 35 समुद्री मील (Nautical Miles) दूर कर दिया गया है.
ऑयल स्पिल डिस्पर्सेंट्स (OSD) और पॉल्यूशन रिस्पांस स्प्रे पॉड्स लेकर दो सीजी डॉर्नियर विमान शुक्रवार की देर शाम हंबनटोटा पहुंच गए थे. वहीं कोस्ट गार्ड हेलीकॉप्टर्स लगातार हवाई निरीक्षण कर रहे हैं. श्रीलंकाई एयरफोर्स एमआई -17 द्वारा बांबी बकेट के जरिए पानी का छिड़काव जारी है.
मुंबई और चेन्नई से इमरजेंसी टोइंग वेसल्स को अग्निशमन प्रयासों को बढ़ाने के लिए रवाना कर दिया गया है. हालांकि अब तक कोई तेल रिसाव नहीं हुआ है. वहीं किसी भी स्थिति के लिए तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए श्रीलंकन नेवी/कोस्ट गार्ड और अन्य अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय रखा जा रहा है.

