काबुल: अफगानिस्तान (Afghanistan) में युद्धरत गुटों के बीच शांति स्थापना की कोशिश एक बार फिर पटरी से उतर गई है. आतंकी संगठन तालिबान (Taliban) ने अफगानिस्तान के 24 प्रांतों पर एक साथ हमले किए हैं. देश के इतने बड़े हिस्से पर एक साथ हमला होने से अफगानिस्तान सरकार भी सकते में है.
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि तालिबान ने पिछले 24 घंटों में देश के 24 प्रांतों में हमले किए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने नंगरहार, कुनार, लगमन, नूरिस्तान, कपिसा, मैदान वर्दक, गजनी, लोगर, पक्तिया, पक्तिका, खोस्त, कंधार, जाबुल, हेरात, फराह, बादगी, घोर, फरीब, सर-ए-पुल, बल्ख, हेलमंद, कुंडुज, बदख्शां और बागलान पर रॉकेट बम बरसाए हैं.
रक्षा मंत्रालय के उप-प्रवक्ता फवाद अमन ने रविवार को कहा कि ताबिलान ने देश में हिंसा फैलाकर शांति प्रक्रिया और अफगान लोगों की आकांक्षा की अवहेलना की है. वे हर दिन अफगान लोगों और सुरक्षा बलों पर हमले कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार तालिबान से युद्ध रोकने और शांति प्रक्रिया में शामिल होने का आह्वान करती है. लेकिन साथ ही अफगान राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा बल (ANDSF) देश के खिलाफ किसी भी खतरे का जवाब देने के भी लिए तैयार हैं. वहीं तालिबान ने आरोप लगाया कि देश में विदेशी बलों को बनाए रखने के लिए अफगानिस्तान सरकार जानबूझकर हिंसा की बातें बढ़ा चढ़ाकर कर रही है.
ये भी पढ़ें- हमलों से नाराज अमेरिका ने दी इस देश के दूतावास को खाली करने की धमकी
बता दें कि देश में पिछले 40 सालों से जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए कुछ अर्सा पहले दोहा में शांति वार्ता हुई थी. लोगों को उम्मीद थी कि इस वार्ता के जरिए अफगानिस्तान में शांति स्थापना हो सकेगी. लेकिन बीच बीच में देश में भड़क रही हिंसा उनकी उम्मीदों को जब-तब चकनाचूर कर रही हैं.
VIDEO


