अमित जोगी ने पत्नी के जाति प्रमाणपत्र पर सवाल उठाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. (फोटोः Amit Jogi Twitter)
Marwahi By-Election: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCCJ) के अध्यक्ष अमित जोगी (Amit Jogi) की पत्नी ऋचा जोगी के जाति प्रमाणपत्र पर बीजेपी (BJP) नेता संत कुमार नेताम ने आपत्ति जताई है. उपचुनाव के बीच जाति प्रमाणपत्र रद्द करने की उठी मांग.
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित जोगी ने पत्नी के जाति प्रमाणपत्र को लेकर उठ रहे सवालों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधा. एक के बाद एक किए गए कई ट्वीट के जरिए अमित जोगी ने इस मामले के पीछे दोनों पार्टियों का हाथ करार दिया. अमित जोगी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘जब मेरी धर्मपत्नी डॉक्टर ऋचा जोगी का पैतृक परिवार कम से कम पांच दशकों से अनुसूचित जनजाति वर्ग से सरकारी नौकरियां करते आ रहा है, तब तो किसी को उनकी जाति की याद नहीं आई. आज ऋचा का केवल एक ही दोष है कि वो स्वर्गीय अजीत जोगी जी और डॉक्टर रेनु जोगी जी की बहू, मेरी धर्मपत्नी और मेरे दो महीने के बेटे की मां है. जब मेरा पिता जी से नहीं निपट पा रहे हैं तो अब मेरे दूध पीते बेटे की मां के पीछे नहा-धो के पड़ गए हैं.’
जब मेरी धर्मपत्नी डॉक्टर ऋचा जोगी का पैतृक परिवार कम से कम पाँच दशकों से अनुसूचित जनजाति वर्ग से सरकारी नौकरियाँ करते आ रहा है, तब तो किसी को उनकी जाति की याद नहीं आई।आज ऋचा का केवल एक ही दोष है कि वो स्वर्गीय अजीत जोगी जी और डॉक्टर रेनु जोगी जी की बहु,मेरी धर्मपत्नी और मेरे दो pic.twitter.com/M4HH95PC7m
— Amit Ajit Jogi (@amitjogi) October 6, 2020
मरवाही की बहू के सम्मान पर उंगली उठाने वालों को अब जनता देगी जवाब… pic.twitter.com/KIZhN6coBu
— Amit Ajit Jogi (@amitjogi) October 6, 2020
अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी की जाति को लेकर संत कुमार नेताम ने अपनी आपत्ति में कहा है कि वह गोंड जाति से नहीं हैं. इसलिए उनका जाति प्रमाणपत्र तत्काल रद्द होना चाहिए. जेसीसीजे अध्यक्ष ने इसको लेकर ही दोनों पार्टियों पर हमला किया है. उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ‘कांग्रेस और भाजपा जोगी परिवार के सामाजिक सम्मान की हत्या करने के लिए किसी हद तक भी जा सकती है. अपनी बहू की इज्जत में हाथ डालने वालों का जवाब अब मरवाही देगा.’ एक अन्य ट्वीट में भी जोगी ने पत्नी और बच्चे के साथ तस्वीर वाला पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है, ‘मरवाही की बहू के सम्मान पर उंगली उठाने वालों को अब जनता देगी जवाब…’. आपको बता दें कि मरवाही विधानसभा सीट जोगी परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती रही है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी यहां से 20 साल तक लगातार विधायक बनते रहे थे. उनकी मृत्यु के बाद अब इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं. प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी भी मरवाही सीट पर कब्जा करने का हरसंभव प्रयास कर रही है. इसी क्रम में आज अमित जोगी की पत्नी ऋचा के जाति प्रमाणपत्र का मसला सुर्खियों में आया है.


