
कोलकाता:
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह दो दिनों के पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं. दौरे के दूसरे दिन उन्होंने बांकुड़ा में स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी समाज के बड़े नेता रहे बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग परिवर्तन की उम्मीद लगाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी शासन के खिलाफ लोगों के गुस्से को महसूस किया जा सकता है. शाह ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनावों में भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ पश्चिम बंगाल में अगली सरकार का गठन करेगी.
यह भी पढ़ें
बांकुड़ा के रवीन्द्र भवन में कार्यकर्ता संवाद में उन्होंने कहा, “मैं लोगों की नजर में पश्चिम बंगाल में बदलाव की उम्मीद देख रहा हूं जो हमारे पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव है. ममता सरकार केंद्र सरकार की 80 से अधिक योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचने दे रही है.”
शाह भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के बाद अलग-अलग समुदाय के लोगों के प्रतिनिधियों के साथ सामाजिक समूह संवाद भी करेंगे. इसके बाद आदिवासी परिवार के घर भोजन करेंगे. शाह बुधवार को ही कोलकाता पहुंचे थे. उसके बाद उन्होंने लिखा था, ‘कल रात से मैं बंगाल में हूं.. जहां भी मैं गया, इसी प्रकार का उत्साह और ताकत दिखाई पड़ती है.. एक तरफ ममता सरकार के खिलाफ भयंकर जन आक्रोश दिखाई पड़ता है तो दूसरी ओर नरेंद्र मोदी जी के प्रति एक आशा और श्रद्धा दिखती है कि बंगाल में परिवर्तन मोदी जी के नेतृत्व में ही आ सकता है..’
अमित शाह राज्य में दलितों और आदिवासियों के सहारे विधान सभा चुनाव में जीत चाहते हैं. इसीलिए उन्होंने आदिवासी और शरणार्थी परिवार के घर भोजन करने की योजना बनाई है. गुरुवार को अपने कार्यक्रम की शुरुआत भी उन्होंने बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के साथ की. इधर, ममता बनर्जी ने अमित शाह के लंच डिप्लोमेसी को कमतर करने के लिए पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया है.
Source link

