BJP MLA engulfed in controversies after scuffle with women councilors – महिला पार्षदों के साथ हाथापाई के बाद विवादों में घिरे भाजपा विधायक

महिला पार्षदों के साथ हाथापाई के बाद विवादों में घिरे भाजपा विधायक

बेंगलुरु:

कर्नाटक में भाजपा विधायक सिद्दू सावड़ी एक वीडियो के वायरल होने के बाद विवादों में घिर गए हैं, जिसमें वह महालिंगपुर टाउन नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहीं महिला पार्षदों के साथ कथित रूप से हाथापाई करते दिख रहे हैं. राज्य की कांग्रेस इकाई ने अपने ट्वीटर हैंडल पर घटना का वीडियो डाला है.

यह भी पढ़ें

मिली जानकारी के अनुसार घटना नौ नवंबर को बागलकोट जिले में हुई जिसमें तेराडाल सीट से विधायक सवाड़ी ने कथित रूप से भाजपा पार्षदों सविता हुर्राकडली, गोदावरी और चांदनी नाइक के साथ हाथापाई की. ये महिलाएं कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं.

भाजपा ने इन पार्षदों को टिकट देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद इन्होंने कांग्रेस सदस्यों के समर्थन से महालिंगपुर टाउन नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने का फैसला किया. ये महिलाएं जब अपने नामांकन पत्र दाखिल करने जा रही थीं, तो सावड़ी ने कथित रूप से उन्हें नगर परिषद भवन में प्रवेश करने से रोका. जल्द ही अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी सावड़ी के साथ आ गए और कथित रूप से उन्हें पीटने लगे.

हाथापाई के दौरान सावड़ी ने कथित रूप से सविता को जमीन पर गिरा दिया. सावड़ी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह महिलाओं का बहुत सम्मान करते हैं और उन्हें धक्का देना और हाथापाई करना उनके संस्कार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि मेरी छवि खराब करने के लिये बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं.

Newsbeep

पुलिस के अनुसार उसने खुद ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है क्योंकि हिंसा में शामिल लोगों ने पुलिस की मौजूदगी को अनदेखा किया. पुलिस ने कहा कि किसी भी महिला ने शिकायत नहीं दी है.

राज्य की कांग्रेस इकाई ने वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ””तेराडाल से विधायक सिद्दू सावड़ी द्वारा नगर चुनावों के दौरान महिलाओं पर हमला किया जाना पूरे राज्य के लिये शर्म की बात है.”” पार्टी ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और गृह मंत्री बसावराज बोम्मई से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की .

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here