पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर तालाब में कूदा युवक डूबा. उसे खोजने गया गोताखोर भी हुआ गायब.
छत्तीसगढ़ के कोरबा में दीपावली के मौके पर जुआ खेलने तालाब किनारे जमा हुए युवक अचानक पुलिस टीम के पहुंचने से घबराहट में तालाब में कूद गए. एसडीआरएफ की टीम युवक और उसे बचाने गए गोताखोर की कर रही है तलाश.
बिलासपुर से कोरबा पहुंची एसडीआरएफ की टीम रामसागर पारा के तालाब में आधुनिक उपकरणों की मदद से दोनों युवकों की तलाश कर रही है. कोतवाली पुलिस भी इस काम में जुटी है. बस्तीवासियों के सहयोग से पुलिस इस तालाब से जलकुंभी की सफाई कर दोनों युवकों की खोजबीन करा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली के मौके पर ये युवक जुआ खेलने के लिए इकट्ठा हुए थे. अचानक पुलिस की टीम के वहां पहुंचने की वजह से घबराहट में अशोक और कुछ अन्य युवक तालाब में कूद गए.
पुलिस के मुताबिक अशोक को बचाने के लिए गोताखोर कमल गोड़ तालाब में उतरा था, लेकिन वह भी गायब हो गया है. कोतवाली पुलिस के मुताबिक तालाब में जलकुंभी होने की वजह से दोनों युवकों को खोजने में परेशानी हो रही है. स्थानीय पार्षद संतोष राठौर ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से तालाब में फंसे युवकों की तलाश कर रही है.

