President-elect Biden strongly attacked Trump accusing on slowdown in vaccination plan | राष्ट्रपति चुने गए बाइडेन ने ट्रंप पर बोला जमकर हमला, वैक्‍सीनेशन को लेकर लगाए ये आरोप

नई दिल्‍ली: अमेरिका के राष्‍ट्रपति चुने गए जो बाइडेन (Joe Biden) ने विदा हो रहे राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप (Donald Trump) पर बुधवार को जमकर हमला बोला. बाइडेन ने कहा कि ट्रंप प्रशासन द्वारा सत्ता के हस्तांतरण में हो रही देरी देश में कोविड-19 वैक्‍सीनेशन (Vaccination) की योजना को ‘हफ्तों या महीनों’ के लिए पीछे कर देगी. 

हेल्‍थकेयर वर्कर्स के साथ वर्चुअली आयोजित राउंडटेबल को संबोधित करते हुए बाइडेन ने ट्रंप प्रशासन पर उनकी टीम के साथ सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया.

गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 3 नवंबर को हुए अमेरिकी चुनाव में अपनी हार को अब तक स्‍वीकार नहीं किया है, बल्कि नतीजों को चुनौती देते हुए अमेरिका भर में कई अदालतों में याचिकाएं दायर की हैं. 

हम महत्‍वपूर्ण जानकारियों तक नहीं पहुंच पा रहे 
बाइडेन ने कहा, ‘हमारे सामने अब जो समस्याएं हैं, उनमें से एक यह है कि प्रशासन अब तक भी विजेता को पहचानने में विफल है. कानून कहता है कि सामान्य सेवा प्रशासन (General Services Administration) विजेता को मान्‍यता देता है और फिर उन्‍हें सभी डेटा और जानकारी तक पहुंचने का अधिकार देता है, जो सरकार के पास होती हैं.’ 

बाइडेन ने आगे कहा, ‘हम जरूरी चीजों के स्‍टॉक के बारे में जानने में असमर्थ हैं. हम यह जानना चाहते हैं कि जब वैक्‍सीन बन जाए तो उन्‍हें वितरित करने संबंधी योजना क्‍या है, उसे पाने वालों की पहली कतार में कौन लोग होंगे.’ 

ये भी पढ़ें: बिहार: इस मंत्री ने 1 बजे संभाला कार्यभार, 3 बजे दिया इस्तीफा

उन्‍होंने कहा, “30 करोड़ से ज्‍यादा अमेरिकी हैं जिनकी हमें देखभाल करनी है. ऐसी बहुत सी चीजें हैं जो हमारे पास उपलब्‍ध नहीं हैं, यदि इन्‍हें जल्‍दी उपलब्‍ध नहीं कराया गया तो हम उन वादों को पूरा करने में हफ्तों या महीनों के लिए पिछड़ जाएंगे, जो हमने 2 दवा कंपनियों को साथ लेकर किए हैं. एक वैक्‍सीन उम्‍मीदवार के लिए तो 95 फीसदी प्रभावशीलता की बात कही गई है, जो कि बड़ा वादा है.’ 

राष्ट्रपति ट्रंप पर तीखा हमला करते हुए डेमोक्रेट नेता ने कहा कि यही एक मंदी है, जिसका सामना उनकी ट्रांजिशन टीम (transition team) कर रही है.

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि फिर भी इस टीम पर आप सभी को गर्व होगा और हम बहुत सारा काम करने के लिए तैयार हैं.’ 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here