मनासा को आदर्श ग्राम बनाया जाएगा- मुख्यमंत्री श्री चौहान


मनासा को आदर्श ग्राम बनाया जाएगा- मुख्यमंत्री श्री चौहान


 


भोपाल : गुरूवार, दिसम्बर 3, 2020, 20:28 IST

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नसरुल्लागंज के मनासा गांव को आदर्श ग्राम बनाया जाएगा और रोजगार की भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी जिससे कोई भी परिवार गरीब नहीं रहेगा। श्री चौहान आज एक दिवसीय प्रवास पर नसरुल्लागंज के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मनासा ने हमेशा भरपूर प्यार दिया है और उनके समर्थन के दृष्टिगत यहां के 70 आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास दिए जाएंगे। उन्होंने स्वसहायता समूह की गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए महिलाओं को विभिन्न कामों का प्रशिक्षण देने सहित वित्तपोषण और स्व सहायता भवन बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राजस्व रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए शिविर लगाकर पट्टों का व्यवस्थापन करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कक्षा नौवीं से बारहवीं तक और कॉलेज की पढ़ाई करने वाले बच्चों की कोचिंग सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं करने के लिए योजना वार सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मनासा में सीप नदी पर घाट निर्माण के कार्य तुरंत प्रारंभ करने और गोरखपुर तक के मार्ग पर पुल निर्माण करने की योजना बनाने के ब्रिज कॉरपोरेशन को निर्देश दिए। उन्होंने गांव में स्वागत द्वार और मंदिर निर्माण भी कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव का कोई भी परिवार एक रुपए किलो के खाद्यान्न से वंचित ना हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र परिवारों को राशन मिलना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह समय-समय पर यहां के कार्यों का मूल्यांकन करेंगे और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मनासा को आदर्श ग्राम बनाने की समीक्षा करें।


राजेश बैन/के.के.जोशी


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here