भूपेश बघेल सरकार के दो साल पूरे होने पर वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया गया.
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार (Congress Govt) के दो साल पूरा होने का जश्न पूरे राज्य में मना. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) के नेतृत्व में एक लाख से ज्यादा लोगों ने लगाई ‘रन विथ छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत लगाई दौड़.
आम-तौर पर आयोजित किए जाने वाले मैराथन से अलग इस वर्चुअल मैराथन में कोरोना-काल की सावधानियों को देखते हुए प्रतिभागियों को कोविडकाल के नियमों का पालन करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी दौड़ती हुई तस्वीर या वीडियो अपलोड करनी थी. आयोजन की थीम – ‘बात हे अभिमान के, छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान के ‘ तय की गई थी. तस्वीरें और वीडियो हैशटैग runwithchhattisgarh के साथ अपलोड करने की अपील की गई थी. फेसबुक और ट्वीटर पर यह हैशटैग दिनभर ट्रेंड करता रहा. आयोजन में शामिल होने के लिए 71 हजार लोगों ने पंजीयन कराया था, लेकिन सुबह 11 बजे तक एक लाख से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल हो चुके थे.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुबह की शुरुआत इस वर्चुअल-मैराथन में शामिल होकर की. उन्होंने खास टीशर्ट के साथ दौड़ते हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की. उन्होंने कहा कि मेरे साथ छत्तीसगढ़ की जनता और छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान दौड़ रहा है, आप भी दौड़ें. प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, रायपुर (ग्रामीण) के वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, रायपुर के महापौर एजाज ढेबर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया.
राजधानी रायपुर में मुख्य सचिव अमिताभ जैन और पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी और मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी समेत अनेक प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी वर्चुअल मैराथन में हिस्सा लिया. आयोजन को लेकर आम लोगों में भी अच्छा उत्साह नजर आया. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने अपनी भागीदारी निभाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें अपलोड कीं.

