काबुल: अफगानिस्तान (Afghanistan) की राजधानी काबुल (Kabul) में रविवार को हुए कार बम विस्फोट में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है. अफगानिस्तान के गृह मंत्री मसूद अंदराबी ने घटना स्थल पर पत्रकारों को बताया कि हमले में सांसद खान मोहम्मद वारदाक (khan mohammad wardak) समेत 20 अन्य लोग घायल भी हुए हैं. सांसद की स्थिति ठीक है. उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
सड़क किनारे की इमारतें तक क्षतिग्रस्त हुईं
यह हमला उस समय हुआ, जब सांसद का काफिला काबुल के खोशल खान इलाके में एक चौराहे से गुजर रहा था. विस्फोट इतना भीषण था कि इसके कारण आप-पास खड़े असैन्य वाहनों में आग लग गई और सड़क किनारे की इमारतें और दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.
अभी तक किसी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
इस हमले की निंदा करते हुए राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा कि तालिबान को नागरिकों के विरूद्ध हिंसा रोकनी चाहिए और वर्तमान शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए संघर्षविराम को स्वीकार करना चाहिए. वैसे गनी के बयान में सीधे तौर पर तालिबान को इस कार बम हमले के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है.
एक दिन पहले अमेरिकी एयरबेस पर दागे थे रॉकेट
काबुल में हालिया महीनों में हुए हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (IS) समूह ने ली है. नाटो और प्रांतीय अधिकारियों के अनुसार, आईएस ने अफगानिस्तान में एक प्रमुख अमेरिकी सैन्य अड्डे (Airbase) पर शनिवार को रॉकेट से किए गए हमले की भी जिम्मेदारी ली थी. उस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ था.
ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान में अमेरिकी Airbase पर हमला, दागे गए कई रॉकेट
दक्षिणी हेलमंद प्रांत से प्राप्त एक अन्य खबर के अनुसार अफगान रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में इस बात की पुष्टि की है कि सेना की चौकी पर कार बम हमले का प्रयास किया गया था लेकिन हमलावर की पहचान कर ली गयी और उसे सैनिकों ने मार गिराया. नवा जिले की इस घटना में 2 सैनिक मामूली रूप से घायल हुए हैं.
हेलमंद के हमले की भी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
गौरतलब है कि 2 दशक से जारी युद्ध की समाप्ति के लिए कतर में अफगान सरकार और चरमपंथी तालिबान के वार्ताकारों के बीच जारी वार्ता के बावजूद हाल के महीनों में अफगानिस्तान में हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं.
VIDEO

