लंदन: ब्रिटेन में कोरोना वायरस (Coronavirus) का नया वैरिएंट (New Variant) सामने आने के बाद स्थिति बेहद गंभीर हो गई है. बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) की अगुवाई वाली सरकार लगातार लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दे रही है. लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है इस बीच नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के चीफ एक्जिक्यूटिव साइमन स्टीवंस ने खुलासा किया है कि स्थिति और खराब हो सकती है.
अस्पतालों की स्थिति खराब
स्टीवंस ने कहा, ‘मैं मीठी भाषा में कहने की बजाय साफ तौर पर कहूंगा कि स्वास्थ्य कर्मियों और अस्पतालों पर खतरनाक रूप से दबाव बढ़ रहा है. क्रिसमस के बाद हालात और खराब हुए हैं. इस उत्सव के बाद से पूरे इंग्लैंड के अस्पतालों में रोगियों की संख्या 15 हजार बढ़ गई है.’
यह भी पढ़ें: China में दिखा Corona का एक और भयंकर रूप, पहली बार खाने की इस चीज मे मिला वायरस
हर 30 सेकंड में एडमिट हो रहा नया कोविड रोगी
स्टीवंस ने दावा किया है कि ‘इंग्लैंड में हर 30 सेकंड में कोरोना वायरस का एक नया मरीज अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है.’ इससे कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा था कि 37 हजार लोग पहले से ही अस्पतालों में भर्ती हैं और इन आंकड़ों के बढ़ने की आशंका है. इस बीच ब्रिटेन सरकार ने बुजुर्गों, अन्य बीमारियों से ग्रसित रोगियों और हेल्थ केयर वर्कर्स के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा कर दी है. इसके तहत हर हफ्ते कम से कम 20 लाख लोगों को वैक्सीन डोज दिए जाने हैं. इसके अलावा ब्रिटेन सरकार ने देश में प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए खुद को क्वारंटीन करना और COVID-19 की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया है.

